नागपुर समाचार : पूर्व नागपुर के विधायक कृष्णा खोपड़े को भाजपा ने लगातार चौथी बार पार्टी की उम्मीदवारी प्रदान की जिससे पूर्व नागपुर के भाजपाइयों में उत्साह का माहौल छा गया है। सतरंजीपुरा चौक पर कार्यकर्ताओं ने जमकर जश्न मनाया।
विधायक खोपड़े के निवासस्थान पर कई कार्यकर्ता जमा हो गए तथा ढोलताशे, हार पुष्प, पटाखे लेकर खोपड़े की बाट जोह रहे थे। खोपड़े का आगमन होते ही उनके पक्ष में नारेबाजी की गई। ‘कोण आला रे कोण आला, पूर्व नागपूरचा वाघ आला’, ‘वारे कमल आ गया कमल’ के नारों से सतरंजीपुरा चौक गूंज उठा।
विधायक खोपड़े ने पत्रकारों को बताया कि पूर्व नागपुर की जनता का मिल रहा लगातार साथ तथा जनता के आशीर्वाद के पूर्व नागपुर में विकासकार्यों के कारण हो रहे परिवर्तन के कारण ही पार्टी ने उन पर चौथी बार विश्वास जताया है। इस बार की पार्टी आलाकमान के भरोसे पर वे खरे उतरेंगे। जनता के आशीर्वाद से पूर्व नागपुर में एक बार कमल खिलेगा तथा विकास का यह रथ इसी प्रकार तेज गति से चलता रहेगा।
उन्होंने पुनः विश्वास जताने के लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, राष्ट्रीय अध्यक्ष जे.पी. नड्डा, केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी, उपमुख्यमंत्री देवेंद्र फड़णवीस, प्रदेश अध्यक्ष चंद्रशेखर बावनकुले का आभार जताया।