- Breaking News, नागपुर समाचार

नागपुर समाचार : वेकोलि में राजभाषा पखवाड़ा का समापन

नागपूर समाचार : 14 सितम्बर 2024 से प्रारंभ राजभाषा हिंदी पखवाड़ा का आज 30 सितम्बर, 2024 को समापन हुआ। पुरस्कार वितरण एवं समापन समारोह में मुख्य अतिथि, निदेशक तकनीकी (संचालन/योजना एवं परियोजना) अनिल कुमार सिंह ने हिंदी में सर्वाधिक कार्य करने के लिए “क” क्षेत्र में पेंच और “ख” क्षेत्र में नागपुर को राजभाषा शील्ड प्रदान की। समापन समारोह में पखवाड़े के दौरान आयोजित सभी प्रतियोगिताओं के विजेताओं को पुरस्कार दिए गए।

इस अवसर पर निदेशक तकनीकी (संचालन/योजना एवं परियोजना)अनिल कुमार सिंह ने अपने संबोधन में कहा कि हिन्दी एक सरल भाषा है और हमें इस भाषा को पूर्णतः अपनाना चाहिए। उन्होंने हिंदी भाषा के प्रसार के लिए अधिक प्रोत्साहन देने पर बल दिया। उन्होंने कहा कि संवाद के भाव हिंदी भाषा में सरलता से व्यक्त हो सकते है। उन्होंने सभी से, दैनंदिन वार्तालाप के साथ ही कार्यालय के कामकाज में भी हिंदी भाषा का इस्तेमाल करने का आह्वान किया। सिंह ने राजभाषा हिंदी के उन्नयन के लिए प्रयासरत राजभाषा विभाग की टीम की प्रशंसा एवं सराहना की।

कार्यक्रम के विशिष्ट अतिथि के रूप में महाप्रबंधक (कार्मिक/प्रशासन) पी. नरेन्द्र कुमार, महाप्रबंधक (कार्मिक / अधिकारी स्थापना) ए. के. सिंह एवं उप महाप्रबंधक (का./औ.सं.) एवं राजभाषा प्रमुख आर. के. सिंह उपस्थित रहे।

समारोह के प्रारंभ में उप महाप्रबंधक (का./औ. सं.) एवं राजभाषा प्रमुख आर. के. सिंह ने स्वागत उद्बोधन प्रस्तुत किया। उन्होंने अपने भाषण में बताया की पखवाड़े के दौरान कई प्रतियोगिताओं का आयोजन किया गया था। इनमें भाषण, स्व-रचित काव्य, स्लोगन, अंताक्षरी, प्रश्न मंच, क्विज आदि की प्रतियोगिताएं आयोजित की गयी। उन्होंने कंपनी में हिंदी के बढ़ते प्रचलन का जिक्र करते हुए हिंदी भाषा के प्रचार एवं प्रसार के उद्देश्य से किए गए विविध कार्यों के बारे में अवगत कराया।

कंपनी स्तरीय स्व-रचित काव्य स्पर्धा के प्रथम और द्वितीय विजेताओं क्रमशः प्रवीण कुमार ठाकुर, पाथाखेड़ा क्षेत्र एवं अखिल द्रविड़, माजरी क्षेत्र ने अपनी रचनाओं का पाठ किया, जिनका सभी ने भरपूर आनंद लिया। इस पुरस्कार वितरण एवं समापन समारोह में मुख्यालय तथा क्षेत्रों के कर्मी गण बड़ी संख्या में उपस्थित रहे। कार्यक्रम का संचालन एवं धन्यवाद ज्ञापन प्रबंधक (कार्मिक) विवेक सिंह ने किया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *