■ १० जनवरी तक रजिस्ट्रेशन, खो-खो, एथलेटिक्स भी १२ जनवरी को
नागपुर समाचार : केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी द्वारा परिकल्पित ७वें खासदार क्रीड़ा महोत्सव की शुरुआत १२ जनवरी से मैराथन और यूथ रन के साथ होगी। रविवार को सुबह ५ बजे यशवंत स्टेडियम से मैराथन और ६.३० बजे युवाओं की दौड़ शुरू होगी। इसके अलावा विदर्भ स्तरीय खो-खो और एथलेटिक्स प्रतियोगिता भी इसी दिन आयोजित की जाएगी।
मैराथन में प्रवेश की अंतिम तिथि १० जनवरी है। पूर्व महापौर संदीप जोशी ने बताया कि मैराथन सभी के लिए खुली होगी, जबकि ३ किमी की युवा दौड़ पुरुषों, महिलाओं और १६ वर्ष से कम उम्र के लड़के और लड़कियों के लिए रहेगी। दोनों प्रतियोगिताओं के लिए ५०-५० रुपए प्रवेश शुल्क निर्धारित किया गया है।
युवा दौड़ में भाग लेने वाले प्रत्येक प्रतियोगी को मेडल, प्रमाणपत्र और टी-शर्ट प्रदान की जाएगी। मैराथन की दूरी पुरुषों के लिए १० किमी, महिलाओं के लिए ५ किमी, १६ साल से कम उम्र के लड़कों के लिए ५ किमी और १६ साल से कम उम्र की लड़कियों के लिए ३ किमी है।
विदर्भ स्तरीय खो-खो प्रतियोगिता १२ जनवरी को मानकापुर स्टेडियम में होगी। प्रतियोगिता सीनियर पुरुष, महिला और अंडर १४ बालक-बालिका वर्ग में आयोजित की जाएगी। इसी दिन से मानकापुर खेल परिसर में सिंथेटिक ट्रैक पर एथलेटिक्स प्रतियोगिता भी शुरू होगी।
प्रतियोगिता ओपन पुरुष एवं महिला वर्ग के साथ-साथ १२ वर्ष से कम, १४ वर्ष से कम, १६ वर्ष से कम, १८ वर्ष से कम बालक एवं बालिका तथा ३५ वर्ष से अधिक आयु वर्ग में आयोजित की जाएगी।